मानवीय पहल: राजनांदगांव पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को रात में ही सुरक्षित घर पहुंचाया

Uncategorized

राजनांदगांव : 14मार्च 2026, मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बसंतपुर थाना पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवती को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया है।जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 की रात लगभग 10:30 बजे राजीवनगर निवासी धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर (33 वर्ष) ने डायल-112 पर सूचना दी कि जिला अस्पताल मंडी के पास एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती बैठी हुई है। सूचना मिलते ही डायल-112 के आरक्षक रविकांत धृतलहरे और चालक तत्काल मौके पर पहुंचे और सूचनाकर्ता धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर के सहयोग से युवती को सुरक्षित थाना बसंतपुर लाया गया।थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए युवती को भोजन उपलब्ध कराया और उससे जानकारी प्राप्त की। पूछताछ में युवती ने अपना नाम हरिता (18 वर्ष), पिता धुलेन्द्र हल्बा, निवासी ग्राम अण्डी, थाना डौण्डी लोहारा, जिला बालोद बताया।इसके बाद कंट्रोल रूम राजनांदगांव के माध्यम से थाना डौण्डी लोहारा से संपर्क कर ग्राम अण्डी के कोटवार पूनाराम से जानकारी ली गई। जांच में पता चला कि युवती उसी गांव की रहने वाली है और पहले भी कई बार बिना बताए घर से निकल जाती है। इसकी जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई।इसके पश्चात थाना प्रभारी एमन साहू के निर्देश पर पुलिस स्टाफ ने रात करीब 1 बजे युवती हरिता को सुरक्षित उसके गृहग्राम अण्डी (जिला बालोद) पहुंचाकर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और राजनांदगांव पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया।इस सराहनीय कार्यवाही में निरीक्षक एमन साहू (थाना प्रभारी बसंतपुर), सउनि. मनमोहन साहू, आरक्षक अतहर अली, आरक्षक रविकांत धृतलहरे, महिला आरक्षक संतोषी मानिकपुरी तथा धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *