कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों से बोले गृह मंत्री विजय शर्मा, ‘आतंकियों को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब’

Uncategorized

रायपुर, 1 अगस्त 2026। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिक दीपक रात्रे और भूपेन्द्र की हत्या के बाद उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिल्ली प्रवास के दौरान दोनों दिवंगतों के परिजनों से दूरभाष पर बात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।गृह मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पीड़ित परिवारों को हर जरूरी सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या मानवता के विरुद्ध जघन्य अपराध है और इस कायराना आतंकी हमले को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और इस नृशंस हमले में शामिल आतंकियों को उनके अपराध की कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। विजय शर्मा ने दो टूक कहा कि “आतंकियों को उनके कायराना कृत्य का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा और इस हमले का बदला अवश्य लिया जाएगा।

“गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय शोकाकुल परिवारों को कठिन समय में बड़ा संबल देगा।इस बीच जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वे पीड़ित परिवारों के साथ रहकर स्थानीय प्रशासन के समन्वय से हरसंभव सहायता सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *