रायपुर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिक दीपक रात्रे और भूपेंद्र भैना की निर्मम हत्या के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे कायराना और अमानवीय आतंकी हमला बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है तथा इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार से समन्वय के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, ताकि पार्थिव शरीर लाने से लेकर अन्य आवश्यक सहायता और औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें तथा परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट है और इस जघन्य अपराध के दोषियों को उनके कृत्य का कठोर दंड अवश्य मिलेगा।यह घोषणा कुलगाम आतंकी हमले के बाद पीड़ित परिवारों के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता और हरसंभव सहयोग के संकल्प को दर्शाती है।