जगदलपुर/बस्तर, 27 अप्रैल 2026।जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संजय बाजार के पास पहाड़ी मैना की अवैध बिक्री की सूचना पर वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे वन विभाग को सूचना मिली कि संजय बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा संरक्षित पक्षी पहाड़ी मैना की अवैध रूप से बिक्री की जा रही है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी की।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम मजुमदार और मधुसूदन मजूमदार को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में सख्ती बरती जाएगी और वन्यजीवों के अवैध व्यापार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।