तिल्दा-नेवरा। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से तिल्दा विकासखंड में ‘हरित तिल्दा’ वृहद वृक्षारोपण महाअभियान- 2026 का शुभारंभ सोमवार को ग्राम पंचायत तुलसी के गौठान परिसर से किया गया। अभियान के तहत पूरे विकासखंड की 102 ग्राम पंचायतों में 1 लाख पौधे लगाए जाएंगे।यह महाअभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल एवं गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुरू किया गया है। शुभारंभ के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और क्षेत्रवासियों से अपील की कि बारिश के मौसम में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित भी करें।

कार्यक्रम में रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, तिल्दा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा, सभापति शैल महेंद्र साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश मनहरे, ग्राम पंचायत तुलसी के सरपंच गुलाब अडिल, उपसरपंच मनीषा वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि तिल्दा को हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा भविष्य सुनिश्चित करना है। पूरे विकासखंड में चलने वाला यह महाअभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा जनसंकल्प माना जा रहा है।