रायपुर।प्रदेश कांग्रेस कमेटी चुनाव के लिए एआईसीसी द्वारा नियुक्त निर्वाचन और सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रदेश की सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे। बनाए गए नए सदस्य ही चुनाव प्रक्रिया में भाग लेंगे। निर्वाचन अधिकारियों के द्वारा समीक्षा के बाद जिला निर्वाचन और ब्लॉक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस संगठन चुनाव में संगठन के 307 ब्लॉक, 35 जिला अध्यक्षों के चुनाव के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया शुरू करने की यह पहली बैठक है। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, एआईसीसी के सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. चंदन यादव और सप्तगिरी उल्का भी रहेंगे उपस्थित
कांग्रेस संगठन चुनाव हेतु एआईसीसी द्वारा नियुक्त प्रदेश निर्वाचन अधिकारी हुसैन उमर दलवाई और दो सहायक प्रदेश निर्वाचन अधिकारियों अजय शर्मा, नीरज बसोई की उपस्थिति में 26 फरवरी को दोपहर 3 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीवभवन में प्रदेश कार्यकारिणी, जिला, शहर कांग्रेस के अध्यक्षों, मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ और विभागों के प्रदेश अध्यक्षों एवं डिजिटल सदस्यता हेतु नियुक्त विधानसभा प्रभारियों की बैठक रखी गई है। कांग्रेस संगठन चुनाव एवं सदस्यता अभियान के संबध में इस दौरान चर्चा की जायेगी। बताया गया है कि इस दौरान चुनाव की प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाएगी। संगठन चुनाव कराने के लिए पीआरओ, डीआरओ और बीआरओ की नियुक्ति के साथ ही 31 मार्च तक बनाए गए सदस्यों की जानकारी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया अप्रैल माह से शुरू होगी।
सभी जिलों में सदस्यों की सूची बनेगी
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि प्रदेश में 1 नवंबर से चल रहे सदस्यता अभियान को लेकर सभी जिला अध्यक्षों से नए सदस्यों की सूची मंगाई गई है। प्रदेश में 10 लाख सदस्य बनाने जिला और बूथ कमेटियों को 51 हजार सदस्यता बुक इश्यू किए गए थे। जिलों से अब तक 7 लाख सदस्य बनाने की जानकारी मुख्यालय को मिल चुकी है। आने वाले एक माह में लक्ष्य पुर्ति करने सभी जिला और बूथ कमेटियों को बुक जमा करने के साथ ही डिजिटल सदस्यों की जानकारी मंगाई गई है। उसके आधार पर जिले वार सूची बनाकर एआईसीसी को भेजी जाएगी।