ओडिशा से यूपी जा रही 41 किलो गांजा की खेप पकड़ी, पुलिस की घेराबंदी तोड़ तस्कर अंधेरे में फरार

Uncategorized

राजनांदगांव : ASP कीर्तन राठौर ने बताया कि छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। साइबर सेल राजनांदगांव, पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ और एनसीबी रायपुर की संयुक्त कार्रवाई में 41.195 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत ₹20.59 लाख आंकी गई है। जब्त टाटा योद्धा पिकअप और मोबाइल फोन सहित कुल ₹28.65 लाख का मशरूका पुलिस ने कब्जे में लिया है।पुलिस के अनुसार एनसीबी रायपुर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी-कोरापुट क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक टाटा योद्धा पिकअप आगरा (उत्तर प्रदेश) जा रही है।

सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे स्थित गुरुद्वारा चौक के पास घेराबंदी की गई।घेराबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप पुलिस को देखकर करीब 300 मीटर पहले ही रुक गई। वाहन में सवार दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए।वाहन की तलाशी लेने पर सीट के पीछे और नीचे 36 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 41.195 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

इसके अलावा एक ओप्पो कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।पुलिस ने गांजा, पिकअप वाहन और मोबाइल सहित ₹28.65 लाख का मशरूका जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

फरार तस्करों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए राजनांदगांव पुलिस और एनसीबी की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *