राजनांदगांव पुलिस का बड़ा खुलासा: ट्रैक्टर बैटरी चोरी करने वाला अंतरजिला गिरोह धरा, 7 गिरफ्तार; 12 बैटरियां, बाइक और नकदी बरामद : ASP कीर्तन राठौर

Uncategorized

राजनांदगांव : 28 जुलाई2026, राजनांदगांव पुलिस ने ट्रैक्टर बैटरी चोरी करने वाले एक अंतरजिला संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 चोरी की ट्रैक्टर बैटरियां, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ₹8 हजार नकद बरामद किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत ₹1.35 लाख बताई गई है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ने राजनांदगांव और डोंगरगढ़ क्षेत्र के कई गांवों में ट्रैक्टरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

आरोपियों ने तिलईरवार, विचारपुर नवागांव, सांगिनकछार, भंडारपुर, मेढ़ा, पटपर और धौराभाठा सहित विभिन्न गांवों से 12 ट्रैक्टर बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया है।मामले का खुलासा उस समय हुआ जब सांगिनकछार निवासी एक किसान ने रात के समय ट्रैक्टर से बैटरी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर चोरी की बैटरियों की पूरी खरीद-बिक्री की चेन का खुलासा कर दिया।

जांच में सामने आया कि चोरी की बैटरियां पहले स्थानीय स्तर पर बेची गईं और फिर उन्हें दूसरे आरोपियों के जरिए आगे खपाया गया। पुलिस ने चोरी करने वालों के साथ-साथ बैटरियां खरीदने और बेचने वाले सभी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से भी संपत्ति संबंधी कई मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि चोरी और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *