चित्रा पटेल: रायपुर, 29 अक्टूबर। रजिस्ट्रार अश्वनी गुर्देकर , छत्तीसगढ़ राज्य फार्मेसी काउंसिल, रायपुर ने बताया कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) यानी रोगाणुरोधी दवाओं के प्रति बढ़ते प्रतिरोध के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को रायपुर में फार्मासिस्टों की जन जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ राज्य फार्मेसी काउंसिल के सहयोग से आयोजित इस रैली का विषय ‘स्वस्थ भारत: Combating Antimicrobial Resistance’ रखा गया है।

रैली सुबह 8:30 बजे मोर रायपुर मरीन ड्राइव से शुरू होकर शंकर नगर चौक तक जाएगी। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह आयोजन विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के अवसर पर किया जा रहा है।
दवाओं के सही इस्तेमाल का दिया जाएगा संदेश
एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक या गलत इस्तेमाल एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की समस्या को बढ़ा सकता है। इस स्थिति में संक्रमण का इलाज करना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में दवाओं के उचित उपयोग, सही खुराक और चिकित्सकीय सलाह के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है। इस अभियान में फार्मासिस्टों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फार्मासिस्टों की भागीदारी के लिए निर्देश
रैली में अधिक से अधिक फार्मासिस्टों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी पहल की गई है। संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर संभाग ने संभाग के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को अपने अधीन कार्यरत शासकीय और निजी क्षेत्र के फार्मासिस्टों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, औषधि नियंत्रक, छत्तीसगढ़ ने भी प्रदेश के दवा व्यवसायियों और फार्मासिस्टों से रैली में शामिल होने की अपील की है।
फार्मासिस्टों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील
आयोजकों ने फार्मासिस्ट समुदाय से रैली में शामिल होकर एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के खिलाफ जागरूकता अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि फार्मासिस्ट केवल दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों को दवाओं के सही और सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।