मुंगेली। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव को देखते हुए 29 अक्टूबर को मुंगेली जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की स्थिति और भारी बारिश से स्कूली विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिले के सभी शासकीय और गैर-शासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। वहीं राजधानी रायपुर में बाइट कल से लगातार बारिश जारी है।
जिले में गुरुवार सुबह से ही मौसम का असर दिखाई देने लगा है। बुधवार दोपहर बाद से हल्की बूंदाबांदी के साथ आसमान में घने बादल छाए हुए थे। वहीं, लोरमी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछारें तेज होने की सूचना है। मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।

बस्तर संभाग के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट :-
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा और सुकमा जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
सावधानी जरूरी: –
खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। मौसम संबंधी चेतावनियों और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।