लद्दाख दौरे पर यूपी के 4 सांसदों की तबीयत बिगड़ी, अफजाल अंसारी को देना पड़ा ऑक्सीजन सपोर्ट

Uncategorized

नई दिल्ली/लेह-लद्दाख। लेह-लद्दाख दौरे पर गए उत्तर प्रदेश के चार सांसदों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी और मौसम के प्रभाव के चलते सांसदों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इनमें लालगंज से सांसद की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया, जबकि गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी को ऑक्सीजन सपोर्ट देना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, लेह-लद्दाख प्रवास के दौरान कई सांसदों में हाई एल्टीट्यूड सिकनेस (ऊंचाई पर होने वाली स्वास्थ्य समस्या) के लक्षण दिखाई दिए। लालगंज सांसद की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें नाक और मुंह से खून की उल्टी होने लगी। इसके बाद उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया, जहां एम्स में उनका इलाज जारी है।

वहीं, सांसद अफजाल अंसारी को सांस लेने में दिक्कत होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट देना पड़ा। अन्य दो सांसदों की भी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वाहन के जरिए होटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, सभी सांसद एक आधिकारिक कार्यक्रम के सिलसिले में लद्दाख पहुंचे थे। डॉक्टरों का कहना है कि समुद्र तल से काफी अधिक ऊंचाई पर ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, खासकर यदि शरीर वहां के वातावरण के अनुरूप पूरी तरह अभ्यस्त न हो।

फिलहाल सभी सांसदों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और चिकित्सकों की टीम लगातार स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *