12 घंटे में खुला मर्डर केस: पत्नी की टंगिया से हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

Uncategorized

राजनांदगांव : 04 मई 2026।छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पत्नी की बेरहमी से हत्या के मामले में लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।जानकारी के मुताबिक, ग्राम कविराज टोलागांव में सोमवार सुबह एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की टंगिया से हत्या किए जाने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह 6:40 बजे मिली।

सूचना मिलते ही थाना लालबाग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मृतका की पहचान पूर्णिमा पारधी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति रंजीत पारधी (38 वर्ष) है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।

क्या है पूरा मामला :-

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी करीब 12-13 साल पहले पूर्णिमा से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। पिछले एक साल से पत्नी उसे छोड़कर उसके चचेरे भाई के साथ रह रही थी, जिससे आरोपी नाराज था।घटना वाले दिन सुबह जब महिला शौच के लिए जा रही थी, तभी आरोपी अपने टीवीएस मोपेड से पहुंचा और टंगिया से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ऐसे हुई त्वरित कार्रवाई :-

थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। उसके बयान के आधार पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया, वाहन और कपड़े जब्त किए गए।मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *