नया रायपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में मिनी फिंगर प्रिंट डेव्हलपिंग किट पर एकदिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रदेशभर के थानों से पहुंचे 500 प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को आधुनिक फिंगर प्रिंट तकनीक की ट्रेनिंग दी गई।कार्यशाला में बताया गया कि यह मिनी फिंगर प्रिंट किट घटनास्थल से सूक्ष्म साक्ष्य जुटाने और चांस प्रिंट विकसित करने में बेहद उपयोगी साबित होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, किट की मदद से अज्ञात आरोपियों की पहचान आसान होगी और अपराधियों का ट्रेस रिकॉर्ड बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकेगा।


प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन और वीडियो के माध्यम से किट के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही राज्य के सभी थानों से आए कर्मचारियों को मिनी फिंगर प्रिंट किट का वितरण भी किया गया।कार्यशाला में फिंगर प्रिंट ब्यूरो के विशेषज्ञों ने तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि आधुनिक फॉरेंसिक तकनीक अपराध जांच को अधिक सटीक और प्रभावी बनाएगी।इस पहल को प्रदेश में वैज्ञानिक जांच प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।