पंचधारी एनीकट में नहाने और शराबखोरी करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, पांच गिरफ्तार

Chhattisgarh

रायगढ़, 27 मई 2026। जिला प्रशासन द्वारा हाई रिस्क जोन घोषित किए गए पंचधारी एनीकट क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने डेम में नहा रहे तीन युवकों और शराब सेवन कर रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।कलेक्टर द्वारा 11 मई को जारी आदेश के तहत पंचधारी एनीकट और आसपास के क्षेत्र में नहाने, तैराकी, पिकनिक, सेल्फी, रील बनाने और वीडियोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। लगातार हो रही डूबने और जनहानि की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने इसे हाई रिस्क जोन घोषित किया है।पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक पंचधारी एनीकट में नहा रहे हैं और कुछ लोग शराब का सेवन कर रहे हैं। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दीपक कुमार यादव (24), संतोष कुमार यादव (25) और उमाशंकर साहू (21) को डेम में नहाते हुए पकड़ा। पुलिस के मना करने पर तीनों ने विरोध करते हुए अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी, जिसके बाद उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तारी कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।वहीं डेम के पास शराब पीते हुए धनंजय साहू (25) और संजु कंवर (31) को भी पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की धारा 170 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पंचधारी एनीकट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। प्रतिबंधित क्षेत्र में जाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा नियमों का सम्मान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *