रायपुर/28 नवंबर 2026। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आप सब जानते हैं कि विगत 25 नवंबर को रायपुर के एक निजी होटल में ‘स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स’ छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रदेश भर से कंटेंट क्रिएटर और इंफ्लुएंसर को बुलाया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय थे. इस अवार्ड कार्यक्रम की इनाम राशि 10 लाख रुपये रखी गई.



कार्यक्रम ख़त्म होने के बाद सोशल मीडिया में अचानक से कंटेंट क्रिएटर और इंफ्लुएंसर का गुस्सा दिखाई दिया. उन्होंने वीडियो बनाकर डाले और सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए, वो सब वीडियो आपने देखे होंगे, हमने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उनको शेयर किया है.

कंटेंट क्रिएटर और इंफ्लुएंसर द्वारा कुछ इस तरह के आरोप लगाए गए:
- कार्यक्रम के लिए बनाई गई वेबसाइट पर जिन लोगों को अधिक वोट मिले, उन्हें अवार्ड न देकर किसी और को अवार्ड दिए गए
- ऐसे लोगों को अवार्ड दिए गए जिन्होंने वोटिंग में भाग ही नहीं लिया था.
- किसी और के वोट किसी और को ट्रांसफर करके “वोट चोरी” की गई.
- इनाम की यह राशि अपने चहेते लोगों में बांट दी गई.
- छत्तीसगढ़ के इस कार्यक्रम में उड़ीसा और दिल्ली सहित बाहर से लोगों को बुलाकर शामिल किया गया और उन्हें अवार्ड दिया गया.
इसके अलावा कार्यक्रम की अव्यवस्थाओं को लेकर अन्य गंभीर प्रश्न उठे. इंफ़्लूएंशर लोगों में इतना गुस्सा था कि उन्होंने उन्हें प्राप्त सर्टिफिकेट तक फाड़ कर फेंक दिए.


इतना सब तो आपने देखा. हमारे संज्ञान में यह मामला आने के बाद हमने सरकार से कुछ प्रश्न किए थे, जिसमें मुख्य प्रश्न था.




⁃ इस कार्यक्रम में कुल कितनी राशि खर्च हुई? और सरकार के किस मद से यह राशि खर्च की गई?
सबसे कमाल की बात ये है कि इतने बड़े बवाल पर न ही किसी टीवी चैनल पर खबर चली और न ही किसी अखबार में छपी. मुझे जानकारी मिली है कि आप रिपोर्टर लोगों ने यह खबर अपने संस्थानों से साझा की थी लेकिन “ऊपर” से आपके मालिकों पर दवाब डालकर इसे रोका गया.
सरकार से किए गए सवाल पर सरकार ने कोई जवाब अब तक नहीं दिया.
अब आता है दूसरा भाग
कल शाम एक अद्भुत “प्रेस रिलीज” आई. किसी गुमनाम कबूतर ने इस प्रेस रिलीज को व्हाट्सएप के ज़रिए पत्रकार साथियों को भेजा. इसके अलावा हमारी सूचना के अनुसार जनसंपर्क के अधिकारियों ने मीडिया संस्थानों को यह प्रेस रिलीज भेजी और फ़ोन कर इस ख़बर को लगाने को कहा.
यह प्रेस रिलीज़ कोई स्टार पीआर एजेंसी (Star PR Agency) के नाम पर है.
Star PR Agency कौन है, क्या है, कैसी है, कहाँ है? इस पर हम फिर कभी चर्चा करेंगे.
लेकिन छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा जो तेजी एक एजेंसी की प्रेस रिलीज़ को पहुँचाने में दिखाई गई वो कमाल है.
अब आइए प्रेस रिलीज के जरा मुख्य बिंदु पढ़ते हैं:
इस कथित “स्टार PR एजेंसी” का कहना है-
- यह आयोजन कार्यक्रम पूर्णतः निजी था। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन से कोई वित्तीय सहयोग नहीं लिया गया.
- कार्यक्रम में सहयोगी के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के प्रतीक चिह्न का उपयोग किया गया था तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी को युवाओं से संवाद के लिए आमंत्रित किया गया था.
- पुरस्कारों के लिए हमारी कंपनी ने पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई थी, जिसका विवरण आयोजन की आधिकारिक वेबसाइट innovatecg.in पर पहले से प्रकाशित किया गया था. मतदान और चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई थी.
- विजेताओं को उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक विवरण के आधार पर पुरस्कार राशि का भुगतान कर दिया गया है.
यह कल कथित रूप से एक PR एजेंसी के द्वारा जारी की गई और जनसंपर्क विभाग द्वारा आगे बढ़ाई गई प्रेस रिलीज के मुख्य बिंदु हैं.
आपने ध्यान से सभी बिंदुओं को सुना. लेकिन इसके बाद एक कमाल हुआ. वो कमाल ये हुआ कि जिस आधिकारिक वेबसाइट का इस प्रेस रिलीज़ में जिक्र है. इनोवेट सीजी डॉट इन (innovatecg.in)
यह वेबसाइट कल रात के अंधेरे में हटा ली गई. यह वही वेबसाइट है जिस पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आवेदन आमंत्रित हुए थे। इसी पर वोटिंग हुई थी और इसी पर वोटिंग के परिणाम दिखाई दे रहे थे.
लेकिन यह वेबसाइट हटाई क्यों गई? क्योंकि जल्दबाज़ी में इस बड़े घोटाले को ढकने के लिए प्रेस रिलीज़ के ज़रिए निजी कार्यक्रम तो बता दिया गया लेकिन यह देखना भूल गए कि जिस वेबसाइट का जिक्र उन्होंने किया है उस पर तो Government of Chhattisgarh लिखा है. उस वेबसाइट का कॉपीराइट भी Government of Chhattisgarh ही है. उस वेबसाइट पर Department of Culture and Tourism- Chhattisgarh Government लिखा है. साथ ही Official Contact and Helpline में “State Headquarter- Secretariat , Department of Culture and IT लिखा हुआ है.
यह वेबसाइट इस बात की पुष्टि करती है कि यह वेबसाइट भी सरकारी है और आयोजन भी सरकारी।
अब महत्त्वपूर्ण और मुख्य सवाल:
- यह पहली बार हो रहा है कि सवाल सरकार से किया गया और जवाब किसी निजी एजेंसी से दिलवाया गया.
- हमारा सवाल सरकार से है कि सरकार बताए कि क्या यह कार्यक्रम सरकारी था या किसी निजी एजेंसी का कार्यक्रम?
- सरकार बताए कि इस कार्यक्रम के लिए सरकार ने कोई राशि दी है या नहीं? अगर दी है तो किस मद से दी है?
- एजेंसी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह कार्यक्रम निजी था लेकिन मैं आपको सबूत देता हूँ जहाँ मुख्यमंत्री जी का विभाग जनसंपर्क विभाग इसे स्वयं “सुशासन सरकार की विशेष पहल” लिखकर प्रचारित कर रहा था, तो मुख्यमंत्री स्पष्ट करें कि आपका विभाग झूठ बोल रहा था या यह एजेंसी झूठ बोल रही है?
- अगर यह कार्यक्रम निजी था तो मुख्यमंत्री जी के जो चेक अवार्ड में दिए उन पर छत्तीसगढ़ शासन का चिह्न और Government of Chhattisgarh क्यों लिखा है?
अंत में मैं एक पत्र प्रस्तुत कर रहा हूँ, जिसमें जनसम्पर्क विभाग द्वारा विभागों को लिखित चिट्ठी जारी करके कार्यक्रम आयोजन स्थल पर स्टॉल लगाने को कहा गया है। इस चिट्ठी में विभाग स्वयं कह रहा है कि यह कार्यक्रम जनसम्पर्क विभाग द्वारा करवाया जा रहा है।
चूँकि अब यह मामला सीधे-सीधे जनसम्पर्क विभाग से भी जुड़ा हुआ है. तो स्वयं मुख्यमंत्री जी जो जनसम्पर्क विभाग के मंत्री भी हैं, उन्हें जवाब देना चाहिए:-
- यह कार्यक्रम निजी थी या सरकारी?
- सरकारी था तो किस विभाग से और किस मद से कितना कितना पैसा और किसे दिया गया?
यह तो बस शुरुआत है और पहला एपिसोड है। समय-समय पर अभी इसकी और परतें हम खोलेंगे।
तब तक इसका जवाब सरकार दे। इस कथित स्टार के पीछे कौन सा “super star” है हमें पता है। इंतजार कीजिए।
परिसीमन के लिए विशेष सत्र देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ – भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि परिसीमन के लिए विशेष सत्र देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। भाजपा का चरित्र अलोकतांत्रिक हो गया है। पहले भाजपा का नारा ‘400 पार’ था। देश की जनता ने उसे विफल कर दिया। अब 850 सीटों तक लोकसभा का विस्तार करके ये हमेशा के लिए सत्ता अपने हाथों में रखना चाहते हैं। इनका उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना नहीं, बल्कि पूरी सत्ता अपने हाथों में केंद्रित करना है। सरकार विशेष सत्र में जो बिल लाना चाहती है उस बिल में एससी/एसटी यानी अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। संविधान का आर्टिकल 330 कहता है कि एससी/एसटी के लिए उनकी जनसंख्या के अनुपात में सीटें आरक्षित होनी चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जब नया जनगणना होने वाला है, तो उसके आंकड़ों का इंतज़ार क्यों नहीं किया जा रहा है? नया जनगणना के अनुसार एससी/एसटी की जनसंख्या के अनुपात में उनकी सीटें निर्धारित होनी चाहिए। हमारा सवाल है कि सरकार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को उनकी आबादी के अनुसार उनका उचित share देने से क्यों बच रही है?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जिस चुनाव आयोग पर 10 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, उसी चुनाव आयोग को परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। यह हमें स्वीकार नहीं है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की निष्पक्षता पर पहले से ही गंभीर सवाल हैं। अगर उन्हीं की देखरेख में परिसीमन होगा, तो उसकी निष्पक्षता की क्या गारंटी है?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किस सीट को सामान्य बनाना है, किस सीट को Reserved बनाना है, कहां महिलाओं के लिए सीट आरक्षित करनी है, इन सभी महत्वपूर्ण फैसलों में चुनाव आयोग की भूमिका होगी। जब ‘वोट चोरी’ को लेकर ही इतने गंभीर आरोप हैं, तो ऐसे में परिसीमन की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वर्तमान परिसीमन बिल का छोटे राज्यों को नुकसान होगा तथा बड़े राज्यों को फायदा होगा।