रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल से जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया माओवादी डम्प बरामद किया है। डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत चार करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।
थाना भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर जंगल में चिह्नित स्थान पर बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई की। इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया स्टील का एक डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बे में 10-10 तोला वजन के 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में 24,22,500 रुपये नकद मिले।
बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 8.24 करोड़ रुपये नकद और 12.34 किलो सोना बरामद
पुलिस के मुताबिक, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से बीजापुर जिले में माओवादी डम्प के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभिन्न स्थानों से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।