रायपुर। महालक्ष्मी मार्केट के व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक पहल की जाएगी। रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने शनिवार को पंडरी स्थित महालक्ष्मी मार्केट में आयोजित व्यापारी संघ की बैठक में यह आश्वासन दिया।बैठक में विधायक ने व्यापारी संघ के पदाधिकारियों और व्यापारियों से आत्मीय संवाद किया।

उन्होंने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को विस्तार से सुना। इस दौरान बाजार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, व्यापारिक गतिविधियों को सुगम करने और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि व्यापारी किसी भी शहर की आर्थिक मजबूती और विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला होते हैं। व्यापारियों के परिश्रम, समर्पण और उद्यमशीलता से न केवल बाजारों में आर्थिक गतिविधियां संचालित होती हैं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका भी जुड़ी होती है।उन्होंने कहा कि महालक्ष्मी मार्केट रायपुर का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है।
यहां की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के साथ उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है।मिश्रा ने कहा कि बाजार में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं, आवागमन की सुगमता और व्यापारिक गतिविधियों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक पहल की जाएगी।