रायपुर : 27 मार्च 2026, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस बड़े फैसले का स्वागत किया है, जिसमें डीजल को एक्साइज ड्यूटी से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है और पेट्रोल पर भी 10 रुपये की कटौती करते हुए एक्साइज ड्यूटी को मात्र 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को देश के लिए “ऐतिहासिक और जनहितकारी” बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस फैसले से देश के 140 करोड़ नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर किसान, श्रमिक, मध्यमवर्ग और आम परिवारों के लिए यह राहत भरा कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच यह निर्णय उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं बढ़ने देगा।
साय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर साबित किया है कि वे हर परिस्थिति में देशवासियों के हित को सर्वोपरि रखते हैं। उनकी संवेदनशीलता, दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति समर्पण इस फैसले में साफ झलकता है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय आमजन के जीवन में सीधी राहत और सकारात्मक बदलाव लाने वाला है।