रायपुर : 04 मार्च 2026। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय आज रंगों और उमंग से सराबोर नजर आया, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक होली का पर्व मनाया। पारंपरिक फाग गीतों और आत्मीय वातावरण के बीच आयोजित होली मिलन समारोह में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दीं।अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री साय को गुलाल लगाकर बधाई दी, वहीं मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ सभी को रंग लगाकर स्नेह, विश्वास और भाईचारे का संदेश दिया। मुख्यमंत्री निवास परिसर में रंग, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का विशेष माहौल बना रहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता और सकारात्मकता को सुदृढ़ करता है तथा जीवन में नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे त्योहार हमें मतभेद भुलाकर मिल-जुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुख्यमंत्री निवास में सभी से आत्मीय भेंट कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। जनप्रतिनिधियों, साथियों और प्रदेशवासियों के साथ स्नेह और अपनत्व के रंग साझा करना इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही जनसेवा के उनके संकल्प को और अधिक मजबूत बनाता है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, नई ऊर्जा और समृद्धि लेकर आए तथा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित करता रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार, रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला सहित मुख्यमंत्री सचिवालय एवं निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।