रायपुर: होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना धरसींवा परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र दीवान, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, व्यापारीगण, समाज प्रमुख एवं शांति समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बैठक के दौरान आगामी होली पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई। उपस्थित सदस्यों से त्योहार को पारंपरिक उल्लास और सामाजिक समन्वय के साथ मनाने का आग्रह किया गया।थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और होली को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।रायपुर पुलिस (ग्रामीण) ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल नंबर पर दें तथा अफवाहों से बचें। पुलिस-जन सहयोग के माध्यम से होली पर्व को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।