होली पर रेलवे की सख्ती: ‘ऑपरेशन अच्छा कार्य सतर्क’ के तहत कुर्ला–हावड़ा एक्सप्रेस में अवैध शराब जब्त

Uncategorized

राजनांदगांव : 28 फरवरी 2026,
होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रेलवे परिसर और ट्रेनों में चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। “ऑपरेशन अच्छा कार्य सतर्क” के अंतर्गत 28 फरवरी 2026 को गाड़ी संख्या 18029 डाउन कुर्ला–हावड़ा एक्सप्रेस में सघन जांच के दौरान अवैध शराब बरामद की गई।
मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपचंद आर्य के निर्देशन एवं पोस्ट प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में गोंदिया–राजनांदगांव सेक्शन के मध्य विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध यात्री को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 13 नग देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जप्त शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4,910 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कौशल यादव (32 वर्ष), निवासी भिलाई बताया। आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई के बाद आरोपी को राजनांदगांव स्टेशन पर उतारकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लाया गया। जप्त शराब को आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु आबकारी विभाग, राजनांदगांव को सौंप दिया गया है।
रेल सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। यात्रियों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा कर्मियों को देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *