रायपुर : 10 अगस्त 2025, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धर्मांतरण-मतांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। रविवार सुबह सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कुकुर बेड़ा में हिंदू संगठनों ने एक मकान का घेराव किया। आरोप है कि मसीही समाज के लोग प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन करा रहे थे।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। सरस्वती नगर थाना परिसर में हिरासत में लिए गए लोगों को लेकर तनाव बढ़ गया। आरोप है कि हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने में ही उन्हें पीट दिया। पुलिस ने पीड़ित युवकों को भीड़ से छुड़ाया और आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की बात कही है।

पैसे देकर धर्मांतरण कराने का आरोप
हिंदू संगठनों का कहना है कि घटना के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं और पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। मामला गंभीर होने पर रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने 3 थानों की फोर्स मौके पर भेजी।

हिंदू संगठन का पक्ष
बजरंग दल के सदस्य अमर दीप शर्मा ने कहा, हम मोहल्लेवासियों की शिकायत पर पहुंचे थे। हमने किसी को नहीं पीटा। भीड़ को कई बार रोका, लेकिन मोहल्लेवासियों ने आरोपियों को पकड़कर मार दिया। हम चाहते थे कि पुलिस FIR दर्ज करे।
अमर दीप शर्मा,सदस्य,बजरंग दल
पुलिस का बयान
एएसपी दौलत राम ने कहा दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। मारपीट का अपराध दर्ज किया जाएगा। धर्म परिवर्तन के आरोपों की भी जांच चल रही है।
दौलत राम,एएसपी
राज्य में लगातार बढ़ रहा विवाद
छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण-मतांतरण को लेकर हिंदू और ईसाई समाज के बीच टकराव की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। 25 जुलाई को दुर्ग रेलवे स्टेशन से दो मिशनरी सिस्टर्स की गिरफ्तारी भी सुर्खियों में रही थी, जो लोकसभा और राज्यसभा तक में मुद्दा बनी।