वाराणसी की पवित्र माटी और जल का कलश आज रायपुर पहुंचेगा

Uncategorized

रायपुर। संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से लाए गए पवित्र माटी और गंगाजल के कलश का शुक्रवार को राजधानी रायपुर में भव्य स्वागत किया जाएगा। दोपहर 1 बजे रायपुर के श्रीराम मंदिर में साधु-संतों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना और कलश स्थापना होगी।भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक अखिलेश सोनी ने बताया कि यह पवित्र कलश संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक है।

अंबिकापुर और बिलासपुर से होते हुए यह यात्रा रायपुर पहुंचेगी, जहां विभिन्न स्थानों पर स्वागत के बाद श्रीराम मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा।पूजन के बाद यह पवित्र कलश प्रदेश भाजपा के सभी संगठन जिलों में दर्शन और पूजन के लिए भेजा जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर सामाजिक समरसता का वातावरण मजबूत करना है।भाजपा ने 4 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में कलश वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, साधु-संत और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को कलश सौंपे जाएंगे, जिसके बाद इन्हें 479 मंडलों तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रदेशभर में विशेष टीमों का गठन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *