रायपुर : 30 जुलाई2026 स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, “यह मेरे पिछले समय (जन्म) के पुण्य का फल है कि मुझे स्वास्थ्य विभाग में काम करने का अवसर मिला।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कभी नक्सल हिंसा के लिए पहचाने जाने वाले बस्तर की तस्वीर तेजी से बदल रही है। सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

अब जिन क्षेत्रों तक पहले पहुंचना मुश्किल था, वहां स्वास्थ्य सेवाएं, जांच शिविर और विशेषज्ञ डॉक्टर पहुंच रहे हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान ने बस्तर के स्वास्थ्य क्षेत्र में नया अध्याय लिखा है। अभियान के माध्यम से लाखों लोगों की स्वास्थ्य जांच हुई, गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान हुई और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया गया। दूर-दराज़ के आदिवासी क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है।जायसवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवन देना है।

मलेरिया, टीबी, सिकल सेल, कुपोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि “मलेरिया से एक भी मौत न हो, यही हमारा संकल्प है।”उन्होंने कहा कि बस्तर अब केवल सुरक्षा के मोर्चे पर ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।