जसपुर : SSP डॉ.लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 किलो कथित गौमांस के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम बैगाबहार में मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गौमांस के अलावा एक हीरो मोटरसाइकिल, टांगी, छुरी, रस्सी और मांस बिक्री से प्राप्त ₹2,000 नकद भी जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह सूचना मिली थी कि बैगाबहार और रोकबहार के कुछ लोग एक गौवंश का वध कर उसका मांस काट रहे हैं।

सूचना मिलते ही कोतबा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी रंजीत एक्का की मोटरसाइकिल से एक बोरी में बड़ी मात्रा में कथित गौमांस बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर गौवंश का वध किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल सभी 10 आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 5, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई में कोतबा चौकी और तुमला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ऑपरेशन ‘शंखनाद’ के तहत 55 किलो कथित गौमांस के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है और गौवंश से जुड़े अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।