पटना। बिहार में परीक्षा घोटालों को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है। छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और कथित गोलीबारी को लेकर उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज को बल प्रयोग से नहीं दबाया जा सकता।तेजस्वी यादव ने आंदोलन के दौरान हिरासत में लिए गए सैकड़ों छात्रों, विपक्षी विधायकों और नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की।

साथ ही छात्र प्रदर्शन के दौरान गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की।सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि “लोकतंत्र की जननी बिहार में एक सड़कछाप अपराधी प्रवृत्ति वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया गया है, जिसके नाम, काम और पहचान पर जनता ने कभी वोट नहीं दिया और न कभी देगी।”उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लाठी और प्रशासनिक तंत्र के बल पर बिहारियों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं होगा। तेजस्वी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्र आंदोलनकारियों को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो छात्र एक बार फिर बड़े आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरेंगे।बिहार में परीक्षा घोटाले और छात्र आंदोलन को लेकर सियासत लगातार गरमा रही है। विपक्ष सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगा रहा है, जबकि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रही है। ऐसे में छात्र आंदोलन अब राजनीतिक संघर्ष का भी बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।