जशपुर। जशपुर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम बेतरा में पुलिस जन-चौपाल का आयोजन किया गया। जन-चौपाल में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं पहुंचे और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा शामिल हुए।जन-चौपाल के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों को “पुलिस मितान” योजना की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय को मजबूत करना है, ताकि गांवों में होने वाली समस्याओं और अपराधों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंच सके और त्वरित कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण भी किया गया। डॉ. सिंह ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि गांव या आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध कार्य या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।जन-चौपाल में नशामुक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।

डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि नशा युवाओं और समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनता जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात कुंज राम चौहान ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व को बताते हुए तेज रफ्तार, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने की सलाह दी।ग्रामीणों ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ता है तथा लोगों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम में महिला आरक्षक सुषमा भगत, मधु मंजरी तिर्की, शर्मिला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।