नशे की खेप लेकर यूपी जा रही महिला तस्कर गिरफ्तार” : रायपुर पुलिस ने 16 किलो गांजा के साथ दबोचा

Uncategorized

रायपुर। मुख्यमंत्री के “नशामुक्त छत्तीसगढ़” विजन के तहत रायपुर पुलिस को सूखे नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। टिकरापारा पुलिस ने अंतर्राज्यीय महिला गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 8.21 लाख रुपये बताई जा रही है।मामला थाना टिकरापारा क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रावणभाठा मैदान, भाठागांव बस स्टैंड के पास एक महिला भारी मात्रा में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी की।महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संदिग्ध महिला की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 16.434 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम पूजा देवी सोनकर निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश बताया। आरोपिया ने खुलासा किया कि वह गांजा उड़ीसा से लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने की फिराक में थी।पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल ने कहा कि रायपुर पुलिस “नशे के सौदागरों” के खिलाफ लगातार निर्णायक कार्रवाई कर रही है। शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।इस कार्रवाई में उप निरीक्षक बालेश्वर लहरे समेत टिकरापारा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *