अम्बिकापुर/सूरजपुर। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने चल रहा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने चेतावनी दी है कि यदि शाम 6 बजे तक उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेंगे।टीएस सिंह देव ने कहा कि पुलिस प्रशासन का रवैया लगातार अड़ियल बना हुआ है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनका सूर्यास्त तक उपवास रहता है, लेकिन यदि निर्धारित समय तक प्रशासन ने कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे।

गौरतलब है कि सूरजपुर जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण को निरस्त करने की मांग को लेकर 25 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कांग्रेस पदाधिकारी विश्रामपुर थाने पहुंचे थे। कांग्रेस का आरोप है कि उनकी मांगों को पुलिस ने अनसुना कर दिया, जिसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।कांग्रेस नेताओं का यह भी आरोप है कि नरेंद्र जैन के घर जाकर विवाद करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है।धरने के दौरान सोमवार रात करीब 2:30 बजे तक टीएस सिंह देव और दीपक बैज मौके पर मौजूद रहे साथ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पहुंचे ।
मंगलवार सुबह 11 बजे से दोनों नेता फिर धरना स्थल पर डटे हुए हैं।कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन का रवैया नहीं बदला और मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो शाम 6 बजे से टीएस सिंह देव आमरण अनशन तथा दीपक बैज क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेंगे।