सक्ती | मंगलवारछत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र स्थित सिंघीतराई में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर में अचानक हुए जोरदार विस्फोट से कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में कई श्रमिकों की मौत की खबर है, जबकि बड़ी संख्या में मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आशंका जताई जा रही है कि कुछ मजदूर अब भी प्लांट के अंदर फंसे हो सकते हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बॉयलर ट्यूब फटने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।इस दर्दनाक घटना पर नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं विष्णु देव साय ने भी दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।इधर, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने मामले की जांच के आदेश देते हुए कहा है कि हादसे में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ श्रम कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।हादसे के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया है और विधायक रामकुमार रोज धरने पर बैठ गए हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।