रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के शंकर नगर–गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में जनसेवा का एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। सेवा, संवेदना और समर्पण से ओत-प्रोत इस आयोजन ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के संकल्प को साकार किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन द्वारा प्रदत्त एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौरान एक भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब देखने को मिला, जब राज्यपाल स्वयं एंबुलेंस की ड्राइविंग सीट पर नजर आए और उनके साथ रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा मौजूद रहे।
यह एंबुलेंस अब जगन्नाथ सेवा समिति के माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इस मौके पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और अंत्योदय के मूल मंत्र को दोहराने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के लिए राहत और उम्मीद का बड़ा सहारा बनेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करते रहने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में “सेवा ही सर्वोच्च धर्म है” का संदेश स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया।