छत्तीसगढ़ का टूरिज्म चमका: 6 दिवसीय फेम ट्रिप से राज्य बना ‘हिडन जेम

Uncategorized

रायपुर, 20 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से 13 से 18 मार्च तक आयोजित 6 दिवसीय फेम (FAM) ट्रिप सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस पहल का उद्देश्य राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना रहा।
देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 30 टूर ऑपरेटर और ट्रैवल एजेंट्स ने इस ट्रिप में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को दो समूहों में बांटकर उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें राज्य की विविध पर्यटन क्षमताओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिला।
उत्तर छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर, मैनपाट, रामगढ़ और जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता और इको-टूरिज्म संभावनाओं से परिचित कराया गया। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में कांगेर घाटी, कोंडागांव, जगदलपुर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा और बारसूर जैसे स्थलों के जरिए बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक वैभव को करीब से दिखाया गया।
विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रहा, जहां प्रतिभागियों ने बोटिंग के साथ प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया। साथ ही चित्रकोट के प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन और स्थानीय हाट-बाजारों के भ्रमण ने जनजातीय जीवनशैली और सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर दिया। बारसूर के बत्तीसा मंदिर और प्राचीन गणेश प्रतिमाओं ने राज्य की गौरवशाली विरासत की झलक प्रस्तुत की।
मैनपाट और जशपुर में इको-टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे मॉडल को विशेष सराहना मिली। कुनकुरी का गिरजाघर, राजपुरी जलप्रपात और केरे विलेज के महुआ होमस्टे जैसे स्थलों ने पर्यटन के नए आयामों को उजागर किया।
इस फेम ट्रिप का सबसे बड़ा फायदा यह माना जा रहा है कि इसमें शामिल ट्रैवल एजेंट्स अपने-अपने राज्यों में छत्तीसगढ़ को एक उभरते पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रचारित करेंगे। इससे राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

समापन समारोह में पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने ट्रैवल पार्टनर्स से छत्तीसगढ़ को देशभर में बढ़ावा देने की अपील की। वहीं प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने प्रतिभागियों से अपने अनुभव साझा कर अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने का आह्वान किया।
प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और आत्मीय आतिथ्य की सराहना करते हुए इसे “हिडन जेम” बताया। यह फेम ट्रिप राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *