रायपुर में ज्वेलर्स दुकान में चोरी का खुलासा,दीवार में छेद कर उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर, ₹14.51 लाख का सामान जब्त

Uncategorized

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक अन्य साथी फरार है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी और आर्टिफिशियल आभूषणों के साथ वारदात में इस्तेमाल कार और स्कूटी समेत करीब 14.51 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकान की कई दिनों तक रेकी करने के बाद चोरी की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने पहले दुकान की दीवार में आधा छेद किया और दो दिन बाद दोबारा पहुंचकर छेद को बड़ा कर दिया। इसके बाद दुकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।

कर्ज के दबाव में बनाई चोरी की योजना :-

पुलिस जांच में सामने आया कि मामले का मुख्य आरोपी विशाल सचदेव है। उसने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री खोली थी, जिसके लिए लाखों रुपये का कर्ज लिया था। फैक्ट्री नहीं चलने से उसे आर्थिक नुकसान हुआ और कर्ज देने वाले लगातार पैसों की मांग कर रहे थे।

इसी आर्थिक परेशानी के चलते उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकानों की तलाश करने के बाद श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाया। उन्होंने 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया। इसके बाद 29-30 सितंबर की दरम्यानी रात दोबारा पहुंचकर छेद को बड़ा किया और दुकान में प्रवेश कर आभूषण चोरी कर लिए।

हजारों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस :-

दुकान संचालक सुनील जैन ने 30 सितंबर की सुबह दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी मिलने के बाद गुढ़ियारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि दुकान की दाहिनी ओर की दीवार में बड़ा छेद था, प्लाई गिरी हुई थी, फर्नीचर बिखरा था और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के हजारों CCTV फुटेज खंगाले। संदिग्धों की गतिविधियों, वाहनों के आवागमन, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा गया।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

सोने-चांदी के आभूषण और वाहन जब्तपुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान जब्त किया है: –

सोने के आभूषण — ₹50,000,

चांदी के आभूषण,

वजन लगभग 3.5 किलोग्राम — ₹7,91,700

आर्टिफिशियल आभूषण — ₹10,000

वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और बिना नंबर की एक्टिवा सहित कुल जब्ती — लगभग ₹14,51,700 पुलिस के अनुसार,

मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी :-विशाल सचदेव (38 वर्ष), निवासी रामली हवलाई गली के पीछे, आरएस बर्फ फैक्ट्री, थाना आजाद चौक,

रायपुर :- सूरज ढीमर (32 वर्ष), निवासी ग्राम सुनवानी, थाना मझोली, जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश); वर्तमान पता ग्राम बेलसुण्डा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद।दोनों आरोपियों के विरुद्ध गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 430/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *