दिल्ली ISBT के पास वकील की कार पर फायरिंग, गैंगवार एंगल से जांच तेज

Uncategorized

नई दिल्ली। राजधानी के कश्मीरी गेट स्थित ISBT इलाके में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास एक कार पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे, जिनमें कुख्यात गैंगस्टर Lawrence Bishnoi की लीगल टीम से जुड़े अधिवक्ता दीपक खत्री भी मौजूद थे।

हमलावर तीन की संख्या में थे और स्कूटर पर सवार होकर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की, जिससे कार का पिछला शीशा चकनाचूर हो गया।इस हमले में संदीप नामक व्यक्ति के कंधे में गोली लगी। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दीपक खत्री को इस घटना में कोई शारीरिक चोट नहीं आई।दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन अज्ञात हमलावरों में से एक के पास हथियार था और उसी ने फायरिंग की। सभी पीड़ितों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।बताया जा रहा है कि दीपक खत्री, Lawrence Bishnoi से जुड़े कई अहम मामलों की पैरवी कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर के कई विरोधी गुट सक्रिय हैं और पहले भी खत्री को धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में पुलिस गैंगवार या आपराधिक रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हमलावरों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। राजधानी के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *