रायपुर, 26 अगस्त 2025।जिला प्रशासन रायपुर द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 100 प्रतिशत परिणाम हासिल करने के उद्देश्य से “मिशन उत्कर्ष 2025” की शुरुआत की गई है। इस योजना के अंतर्गत जिले के सभी शासकीय हाई/हायर सेकेंडरी विद्यालयों में विशेष तैयारी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।निर्देशानुसार अगस्त माह में दूसरी मासिक टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए समय-सारणी जारी कर दी गई है तथा 29 अगस्त से 2 सितंबर 2025 तक टेस्ट लिए जाएंगे। सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के सभी विषयों के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराएं जाएंगे। जिला शिक्षा कार्यालय से सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए गए हैं।जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को निरंतर मूल्यांकन एवं अभ्यास का अवसर देना है, जिससे बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित हो सके।