रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बुधवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत, धान खरीदी और किसानों के भुगतान समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कवर्धा जिले के रेंगाखार क्षेत्र में पांच बच्चों की मौत का दावा करते हुए मामले की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा धान खरीदी में 3358 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान तथा किसानों की लंबित राशि जारी करने की मांग भी उठाई।
बैगा बच्चों की मौत का मामला, जांच और मुआवजे की मांग
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कवर्धा जिले के रेंगाखार क्षेत्र में पांच बैगा आदिवासी बच्चों की मौत के मामले में प्रशासन ने जानकारी छिपाई है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के जांच दल ने 23 अक्टूबर को गांव का दौरा किया था। बैज के मुताबिक, बच्चों के परिजनों ने बीमारी से उनकी मौत होने की पुष्टि की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी रखी।
धान खरीदी पर 3358 रुपये प्रति क्विंटल देने की मांग
धान खरीदी को लेकर कैबिनेट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि किसानों को आदान सहायता प्रति एकड़ के बजाय प्रति क्विंटल के हिसाब से दी जानी चाहिए। उन्होंने धान खरीदी में किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करने की मांग की।
बैज ने कहा कि सरकार को किसानों का भुगतान दिवाली से पहले करना चाहिए। उन्होंने धान की चौथी किस्त के 1700 करोड़ रुपये जारी करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही बढ़े हुए समर्थन मूल्य की राशि सहित किसानों के करीब 6000 करोड़ रुपये के लंबित भुगतान को जारी करने की मांग की।
1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ रैली
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ रैली में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता अपने संसाधनों से दिल्ली जाएंगे।
बैज ने चेतावनी दी कि यदि दिल्ली जाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकने की कोशिश की गई, तो पार्टी नेता वहीं आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि रैली को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने तैयारी कर ली है।