Chitra Patel: Raigarh: रायगढ़ में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर करीब छह महीने पहले हुई पहचान के बाद 18 वर्षीय युवक पर 13 साल की बालिका को शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। रायगढ़ पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गुम बालक-बालिकाओं की तलाश और महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई।
20 अक्टूबर को लापता हुई थी बालिका
पुसौर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने 21 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपनी 13 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बालिका रायगढ़ में एक परिचित के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। शिकायत के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह वह बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 617/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इंस्टाग्राम से हुई थी पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने बालिका के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की तथा उसके सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल की। इससे मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने तलाश तेज की। पुलिस के अनुसार, बालिका और संदेहियों के लगातार स्थान बदलने से उनकी तलाश में कठिनाई आ रही थी। 26 अक्टूबर को रायगढ़ पहुंचने पर पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
डोंगरगढ़ ले जाने और जबरन संबंध बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज कराए गए बयान में बालिका ने बताया कि करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत (18), निवासी भांठापारा, निपनिया से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी।
बालिका के कथन के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात युवक रायगढ़ आया। अगले दिन सुबह उसने बालिका को रेलवे स्टेशन के पास बुलाया और ट्रेन से डोंगरगढ़ ले गया। आरोप है कि वहां वह उसे अपने दोस्त के घर ले गया और चार दिनों तक अपने साथ रखा। इस दौरान शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बालिका का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले में बीएनएस की धारा 87, 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी है। आरोपी उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
कोतवाली पुलिस की रही अहम भूमिका
पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना और बालिका की सकुशल बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक विजय एक्का तथा पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
एसएसपी ने की सतर्क रहने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुम बालक-बालिकाओं की सकुशल बरामदगी और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने और सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क के मामलों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी बात कही।a