नगर निगम का सख्त आदेश, अवैध प्लाटिंग अवैध निर्माण, अतिक्रमण पर कार्यवाही की जाये, मूल कार्यों में लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय कर संबंधितो पर कठोर कार्यवाही की जायेगी

Uncategorized

रायपुर : 25जून2025,आज संध्या नगर पालिक निगम रायपुर के मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के चतुर्थ तल सामान्य सभा सभागार में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने निगम अपर आयुक्त राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, यूएस अग्रवाल, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, श्रीमती कृष्णा खटीक सहित अधीक्षण अभियंता, नगर निवेशक, स्वास्थ्य अधिकारी, उपायुक्तगणो, जोन कमिश्नरो, कार्यपालन अभियंताओं, जोन स्वास्थ्य अधिकारियों, सहायक राजस्व अधिकारियों, सहायक अभियंताओं उप अभियंताओं की आवश्यक बैठक लेकर निगम के मूल कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।


आयुक्त विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरो, कार्यपालन अभियंताओं, जोन स्वास्थ्य अधिकारियों सहित जोनो के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे कल दिनांक 26 जून 2025 से प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से जोन क्षेत्र के वार्डो में मुख्य मार्गो पर फील्ड पर निकले एवं नगर निगम के मूल कार्यों सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाईट, सडक व्यवस्था आदि को सुधारकर व्यवस्थित करने कार्य पर लग जाये। आयुक्त ने कहा कि बारिश में कही भी शहर में जल भराव की स्थिति नहीं आनी चाहिए। यदि सफाई में पाटे आदि बाधक है तो तत्काल पाटो को तोड़कर नाले, नालियों की तले तक लद्दी निकालकर सफाई करवाकर निकास व्यवस्था सुगम बना ली जाये। गंदे पानी की निकासी पूरे शहर में सुव्यवस्थित तरीके से सतत मॉनिटरिंग करके की जाये। ताकि नागरिको को असुविधा ना होने पाये। जगह-जगह कुडे करकट कचरे के ढेर नहीं दिखने चाहिए एवं शहर साफ सुथरा दिखना चाहिए। कचरे का उठाव डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का कार्य सुव्यवस्थित तरीके से करवाया जाये।
आयुक्त ने जोन कमिश्नरो और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्डों में सफाई ठेका कार्य में निर्धारित संख्या में शत प्रतिशत ठेका सफाई कामगार काम पर फील्ड में उपस्थित होने चाहिए। जितने ठेका सफाई कामगार ड्यूटी पर आ रहे है उतने ही संख्या में सफाई ठेका कामगारो का वेतन निकलना चाहिए। जोन कमिश्नर कार्यपालन अभियंता, जोन स्वास्थ्य अधिकारी जोन के मुख्य मार्गों एवं वार्डो में भीतरी मार्गों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था सुधारे, जोन की टीम वार्ड में बारिश में नागरिको को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने मॉनिटरिंग कर कार्य करें। साथ ही वार्डो में स्ट्रीट लाईट शत प्रतिशत संख्या में जलनी चाहिए यह मॉनिटरिंग कर सुनिश्चित कर लिया जाये। खराब स्ट्रीट लाईट को सुधारा जाये अथवा बदल दिया जाये यह कार्य व्यवहारिक आवश्यकता अनुसार किया जाये।
आयुक्त श्री विश्वदीप ने निगम हित में अधिकाधिक राजस्व वसूली प्रतिदिन लगातार अभियान चलाकर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। आयुक्त ने नागरिको को जानकारी देने कहा कि 30 जून तक वर्तमान वित्त वर्ष में संपत्तिकर का पूर्ण भुगतान नगर निगम को करने पर संपत्तिकर में अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ कोई भी करदाता नागरिक सहज प्राप्त कर सकता है। नागरिको को जानकारी देकर इसका अधिकतम लाभ अधिक से अधिक संख्या में प्रदान किया जाये।
आयुक्त श्री विश्वदीप ने नगर निवेश विभाग के जोनो के उपअभियंताओं को जोन क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग अवैध निर्माण अतिक्रमण के सभी प्रकरणो पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आयुक्त ने निर्देशित किया कि नगर निवेश विभाग सतत मॉनिटरिंग करें कि शहर में कही भी अस्त व्यस्त अव्यवस्थित होर्डिंग बैनर पोस्टर न लगने पाये। पहले अभियान चलाकर अव्यवस्थित अस्त व्यस्त होर्डिंग बैनर पोस्टर हटाये जाये। प्रतिदिन वाणिज्यिक क्षेत्र में सड़क पर दुकान की सीमा के बाहर सामान रखकर व्यवसाय करने वालो पर कार्यवाही हो विडियोग्राफी करके कार्यवाही की जाये। अनेक दुकानदार दुकान के बाहर सडक पर पुतले लगा देते है। जिससे शहर में यातायात बाधित हो जाता है। यह पुतले लगने न दिये जाये और लगने पर कड़ाई से सडक से उन्हें जप्त कर लिया जाये। यह अभियान लगातार चले। ठेलो गुमटियों के संचालको को समझाईश देकर सभी ठेलो गुमटियों में उनसे सफाई रखने डस्टबीन अनिवार्य रूप से रखवाया जाये। अन्यथा की स्थिति में उन पर कार्यवाही हो। बाजार में सड़क पर कब्जा कर व्यवसाय करने वाले संबंधित दुकानदारो पर लगातार नियमित चालानी कार्यवाही नगर निवेश विभाग और जोनो के नगर निवेश विभाग की टीमो द्वारा की जाये।
आयुक्त श्री विश्वदीप ने अधिकारियों को रायपुर शहर की व्यवस्था सुधारने अपने प्रशासनिक कार्य दायित्यो का अच्छी तरह निर्वहन करने कहा। मूल दायित्वो से संबंधित कार्यों में लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय करके संबंधितो पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। आयुक्त ने कहा कि नगर निगम के मूल दायित्वों के कार्य निर्वहन में लापरवाही कदापि सहन नहीं की जायेगी। शहर में अच्छी व्यवस्था देने का कार्य करके संबंधित निगम अधिकारियों को अच्छा प्रशासनिक कार्य दायित्व निर्वहन करके दिखलाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *