सरकार 31 जनवरी के पहले किसानों का पूरा 3100 रू. के हिसाब से भुगतान करे – दीपक बैज

Chhattisgarh

रायपुर/19 जनवरी 2025। साय मंत्रिमंडल द्वारा किसानों के धान की अतिशेष राशि फरवरी के दूसरे हफ्ते में दिये जाने के निर्णय को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धोखा बताया है। सरकार धान खरीदी की तिथि समाप्त होने अर्थात 31 जनवरी के पहले किसानों का पूरा भुगतान करे। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में किसानों से वादा किया था धान के खरीदी 3100 रु क्विंटल की दर से की जाएगी और एकमुश्त भुगतान ग्राम पंचायत भवन में किसानों को नगद किया जाएगा। जो अब तक धान खरीदी के दौरान कहीं देखने को नहीं मिला है, यह किसानों के साथ धोखा है और भाजपा का चरित्र वादाखिलाफी करना है। नगरीय निकाय चुनाव एवं पंचायत चुनाव के कारण तिथि घोषित की जा रही है। सरकार की मंशा किसानों का पैसा देने की नहीं है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि धान खरीदी के अंतिम चरण में सरकार धान नहीं खरीदना चाह रही। किसान धान बेचने भटक रहे, उन्हें बारदाना नहीं मिल पा रहा है, टोकन नहीं दिया जा रहा है, धान खरीदी केंद्रों में धान जमा हो गया है, कस्टम मिलिंग हो नहीं पा रहा है। प्रदेश के कई धान केंद्रों में एक सप्ताह से अधिक हो गया है धान की खरीदी नहीं हो रही है। सरकार फर्जी और गुमराह करने वाले आंकड़े जारी करके धान खरीदी को बेहतर बता रही है और खुद के हाथ से पीठ थपथपा रही है जबकि किसान हताश और परेशान धान खरीदी केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा का चरित्र ही धोखा बाजी है। भाजपा की केंद्र सरकार 11 साल से किसानों को धोखा दे रही है। छत्तीसगढ़ में 15 साल के भाजपा सरकार के दौरान भी किसानों को भारी तकलीफों का सामना करना पड़ा था और एक बार फिर वही स्थिति और परिस्थितियों किसानों के सामने उत्पन्न हो गई है। रवि फसल लगाने के समय किसानों को बीज, खाद और आर्थिक मदद जो बैंकों से मिलता था, उसके लिए भी इनको भटकना पड़ रहा, सरकार का रवैया किसान विरोधी है, किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाला है।

सुशील आनंद शुक्ला
अध्यक्ष कांग्रेस संचार विभाग
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *