किसानों के खाते में 1.5 लाख करोड़ रुपये जाने से कांग्रेस को दर्द: अमित चिमनानी

Uncategorized

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सीए अमित चिमनानी ने कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों और महिलाओं को मिल रही आर्थिक सहायता कांग्रेस को पच नहीं रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तीन साल से भी कम समय में किसानों के खातों में 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने बिना किसी विलंब के 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक इस योजना के तहत 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।

चिमनानी ने कहा कि प्रदेश में 20 लाख से अधिक हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। राज्य में आधारभूत संरचना के विकास के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट प्रावधान किया गया है। केवल सड़कों के निर्माण के लिए एक वर्ष में 9 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने कार्यकाल में कर्ज लेकर भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस अब भ्रामक आंकड़े पेश कर किसानों और महिलाओं को मिल रही आर्थिक सहायता पर सवाल उठा रही है।

राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर भी दिया जवाब

सीए अमित चिमनानी ने राज्य के कर्ज और वित्तीय स्थिति पर आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते तीन वर्षों में 49,279 करोड़ रुपये का शुद्ध ऋण लिया है। यह ऋण एफआरबीएम (FRBM) अधिनियम के तहत निर्धारित जीएसडीपी की 3 प्रतिशत सीमा के भीतर है।

उन्होंने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति संतुलित है और बकाया ऋण एफआरबीएम अधिनियम तथा केंद्रीय वित्त आयोग द्वारा निर्धारित ऋण सीमा के दायरे में है। ब्याज भुगतान राज्य की राजस्व प्राप्तियों का 7.96 प्रतिशत है, जो निर्धारित 10 प्रतिशत की सीमा से कम है।

चिमनानी ने कहा कि सरकार वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *