द्रौपदी को समर्थन देने सभी दलों से भाजपा नेताओं ने की अपील

Uncategorized

रायपुर।भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय ने बताया कि राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू समर्थन जुटाने के लिए 15 जुलाई को छत्तीसगढ़ आएंगी। ओडिशा के संथाल जनजाति से जुड़ीं द्रौपदी मूर्मु छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान प्रदेश के अलग-अलग राजनीतिक दलों के विधायकों से समर्थन के लिए मिलेंगी। ये समाज के लिए सौभाग्य की बात है कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है। सभी दलों से आग्रह है कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाए जाने के लिए अपना समर्थन करें। जनजातीय वर्ग की बेटी को अपना समर्थन देकर राष्ट्रपति बनाएं।
द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय और पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा, विपक्षी दलों की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए खड़े किए गए दावेदार यशवंत सिन्हा भी हमारे पुराने साथी हैं। फिलहाल हमारा ध्यान द्रौपदी मुर्मू की तरफ है। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है। द्रौपदी मुर्मू दो वर्ग का प्रतिनिधित्व करती हैं। जनजातीय वर्ग के साथ साथ नारी समाज का भी वे प्रतिनिधित्व करती हैं। जनजातीय समाज हिंदुस्तान का बड़ा समाज है। पूरे देश में 12 फीसदी जनजातीय समाज है। जनजातीय वर्ग को आगे बढ़ाने की भाजपा लगातार कोशिश कर रही है। अटल बिहारी बाजपेयी ने जनजातीय वर्ग के लिए अलग आयोग बनाया था। पूरे देश में जनजातीय वर्ग को खड़ा करने की कोशिश की गई। हम उम्मीद करते हैं कि छत्तीसगढ़ में अलग-अलग राजनीतिक दल से जुड़े विधायकों का भी सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान सर्व आदिवासी समाज उनका स्वागत करेगा।
शिवरतन प्रदेश प्रभारी नियुक्त
18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के मतदान को लेकर भाजपा ने विधायक शिवरतन शर्मा को राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रदेश प्रभारी बनाया है। विधायक नारायण चंदेल को सहप्रभारी बनाया गया है। दोनों नेता दिल्ली भाजपा मुख्यालय में प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षण लेने वाले नेताओं में शिवरतन शर्मा, नारायण चंदेल और कृष्णमूर्ति बांधी भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *