रायपुर। यूपी विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के प्रचार के लिए मिर्जापुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विपक्षी दलों को जमकर घेरा। उन्होंने कहा, एक तरफ भाजपा का गुजरात मॉडल है, जिसमें देश की सारी संपत्ति बिक रही है। आपकी जेब से पैसा निकाला जा रहा है। किसानों को दाम नहीं मिल रहा है। नौजवानों से नौकरी छीनी जा रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस का छत्तीसगढ़ मॉडल है, जिसमें जनता से जो वादा किया गया उसे पूरा किया गया। अब आपको तय करना है कि आपको कौन सा मॉडल चाहिए।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरूवार को मिर्जापुर के जमईपुर, गाजीपुर सदर, ज्ञानीपुर विधानसभा और रामनगर में सभा ली। सभा के बाद उन्होंने रोहनिया में रोड शो किया। मिर्जापुर के जमईपुर की सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि उत्तरप्रदेश में विकास के नाम पर सिर्फ जनता को ठगने का काम किया गया है। यही कारण है कि आज घर के लोग भी बगावत पर उतर आए हैं। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले छह चरणों में प्रदेश से भाजपा का सुपड़ा साफ है। उन्होंने कहा, प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव में जो भी वादे किए हैं सरकार बनने पर उसे पूरा करेंगे। हमारे वादे जुमलेबाजी नहीं होती है।
छत्तीसगढ़ में जो कहा वह किया
उन्होने तंज कसते हुए कहा, जब धान की कीमत ही आधी है तो किसानों की आय दोगुनी कैसे हो सकती है? किसानों की आय दोगुनी करने के बजाय भाजपा सरकार ने उनके ऊपर काला कानून थोपकर आंदोलन के लिए मजबूर किया। छत्तीसगढ़ में हमने जो भी वादा किया उसे पूरा किया है। राहुल गांधी के कहने पर सरकार बनने के 2 घंटे में 19 लाख किसानों का 9 हजार करोड़ का ऋण माफ किया है। 25 सौ रुपए क्विंटल की दर से धान की खरीदी हो रही है।
धर्म और राजनीति के नाम पर बांटने का काम
उन्होंने कहा, बीजेपी देश में धर्म और राजनीति के नाम पर बांटने का काम करती है। यूपी में नौकरी के नाम पर युवाओं पर लाठियां बरसाई जाती हैं। 2 करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा था, लेकिन कल-कारखानों को बंद कर बेरोजगारी बढ़ा दी और किसानों ने दाम मांगा तो उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
भाजपा ने महिलाओं के साथ छल किया
सीएम ने कहा, प्रधानमंत्री ने कालधन वापस लाने और हर किसी के खाते में 15-15 लाख रूपए डालने का वादा किया था पर नोटबंदी कर जनता को सड़कों पर ला खड़ा किया। गैस सिलेंडर सस्ता था तब खूब बांटे, अब भरवाना मुश्किल है। अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए। भाजपा ने महिलाओं से छल करने का काम किया है।