छत्तीसगढ़ के 815 हज यात्री जाएंगे पवित्र हज यात्रा पर, मेडिकल स्क्रीनिंग व टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी

Uncategorized

रायपुर :06 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ में इस वर्ष हज यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। मुख्यमंत्री #Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में राज्य से हज पर जाने वाले यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और अनिवार्य टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष #Mirza Ejaz Beg ने जानकारी देते हुए बताया कि हज 2026 की तैयारियां तेज गति से चल रही हैं। सऊदी सरकार द्वारा तय किए गए स्वास्थ्य मानकों के अनुसार स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के तहत राज्य स्वास्थ्य विभाग ने 9 फरवरी 2026 से प्रदेश के 29 जिला अस्पतालों में मेडिकल स्क्रीनिंग और टीकाकरण अभियान शुरू किया था, जिसे अब सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि हज यात्रियों को उनके गृह जिले में ही मेडिकल जांच और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें काफी सहूलियत हुई। रमजान माह को ध्यान में रखते हुए रोजेदार हाजियों के लिए रोजा खोलने के बाद टीकाकरण की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिसके लिए यात्रियों ने प्रशासन का आभार जताया।

हज 2026 के लिए इस बार राज्य गठन के बाद अब तक की सर्वाधिक संख्या में 815 हज यात्री यात्रा पर जाएंगे, जिनमें 417 पुरुष और 398 महिलाएं शामिल हैं।

हज यात्रियों द्वारा चुने गए एम्बार्केशन प्वाइंट के अनुसार :-

मुंबई से 453, नागपुर से 290, हैदराबाद से 42, दिल्ली से 14, बैंगलोर से 6,लखनऊ से 5,अहमदाबाद से 2, कोलकाता से 2, जयपुर से 1 हाजी प्रस्थान करेंगे।हज यात्रियों का प्रस्थान 18 अप्रैल 2026 से 20 मई 2026 के बीच होगा, जबकि हज यात्रा पूर्ण कर उनकी वापसी 2 जून से 30 जून 2026 के बीच प्रस्तावित है।

इस वर्ष शुरू की गई नई सुविधा शॉर्ट हज के तहत 99 यात्री, जबकि नॉर्मल हज के तहत 716 यात्री हज यात्रा करेंगे। राज्य के सभी 815 हाजियों को फ्लाइट आवंटन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

हज कमेटी के अनुसार रमजान माह के बाद सभी हज यात्रियों को यात्रा से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे पवित्र हज यात्रा को सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *