रायपुर, 1 नवंबर। दीपावली से पहले रिहायशी इलाके में अवैध पटाखा निर्माण का मामला सामने आया है। गोलबाजार थाना क्षेत्र के गणेश राम नगर में एक पटाखा दुकान के संचालक द्वारा दुकान के ऊपर स्थित आवासीय कमरे में कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखे तैयार करवाए जा रहे थे। गोलबाजार पुलिस की सतर्कता से इस गतिविधि का खुलासा हुआ। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक अपने आवासीय कमरे में अन्य लोगों को बुलाकर दीपावली में बिक्री के लिए पटाखे तैयार करवा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की संयुक्त टीम ने गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में मौके पर जांच की।जांच के दौरान कमरे में ‘TOP TIGER’ नाम के पटाखे तैयार किए जाते मिले। टीम ने मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखे, बोरियों और कार्टन में रखे अर्धनिर्मित पटाखे तथा पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद सामग्री लो एक्सप्लोसिव श्रेणी की है। कार्रवाई के बाद संबंधित कमरे को सील कर दिया गया।विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाईमामले में श्याम लाल ठाकुर (76), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता अमलीडीह और दीपक ठाकुर (57), निवासी कालीनगर, पंडरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9B(1)(a) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रिहायशी मकानों और आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।