मरकाम का पार्षदों को फरमान, जितने वोट से जीते, आधे मतदाताओं को बनाए सदस्य डिजिटल सदस्यता अभियान को लेकर शहर कांग्रेस की बैठक

Uncategorized

रायपुर।कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता अभियान को लेकर शहर जिला कांग्रेस द्वारा सोमवार को पार्षद, एल्डरमेन और पार्षद प्रत्याशियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिजिटल अभियान में महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने को लेकर रणनीति बनी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पार्षदों और पार्षद प्रत्याशियों को फरमान जारी किया कि जितने मतदाताओं ने उनको मत दिया, कम से कम उससे आधे मतदाताओं को डिजिटल सदस्यता अभियान के माध्यम से कांग्रेस का सदस्य बनाएं।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निरंतर चल रहे सदस्यता अभियान को लेकर सोमवार को पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और एल्डरमेन की डिजिटल सदस्यता अभियान को लेकर बैठक बुलाई गई थी। छत्तीसगढ़ प्रभारी चंदन यादव ने कहा, सूचना एवं प्रौद्योगिकी के जनक राजीव गांधी द्वारा किए गए डिजिटाइजेशन का लाभ भाजपा द्वारा हमसे अधिक और पहले लिया गया। उनके द्वारा आईटी सुविधाओं का दुरूपयोग भी किया जा रहा है। उनके द्वारा झूठे एवं भ्रामक कंटेंट सोशल मीडिया के माध्यम से जनता के बीच फैलाई जा रही है। शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा, प्रत्येक बूथ में एक-एक महिला व पुरूष एनरोलर बनाया जाए। अपने-अपने वार्डाें में महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने का प्रयास करें। डिजिटल सदस्यता अभियान के लाभ से सभी को लोगों को अवगत कराया गया।
ये थे उपस्थित
बैठक में डिजिटल सदस्यता अभियान प्रभारी विशाल मीणा, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रभारी चंद्रशेखर शुक्ला, डिजिटल सदस्यता प्रभारी अमरजीत चावला, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे, सभी पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और एल्डरमेन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *