रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यता अभियान को लेकर युवा कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक हुई। युवा कांग्रेस अध्यक्ष कोको पाढ़ी ने कहा, प्रदेश प्रभारी संतोष कोलकुंडा और सहप्रभारी एकता ठाकुर के निर्देशानुसार काम न करने वाले पदाधिकारियों में बदलाव किया जाएगा। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने बूथ लेवल पर सदस्यता अभियान पूरा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए पीसीसी के रास्ते आसान होंगे। पदाधिकारियों से पूरी सक्रियता से सदस्यता में भाग लेने कहा गया है। पदाधिकारियों को पीसीसी के हाथ मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस की मासिक बैठक में प्रदेश में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा की गई। सदस्यता अभियान में अच्छा कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की सराहना की गई। पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी संतोष कोलकुंडा और सहप्रभारी एकता ठाकुर से कार्यकर्ताओं के कार्य के परिणाम की मांग करते हुए कहा, जो कार्यकर्ता पद लेकर काम नहीं कर रहा है, वो संगठन को नहीं बल्कि खुद को धोखा दे रहा है। उन्होंने कहा, संचार क्रांति इस देश में कांग्रेस की देन है। भाजपा ने कांग्रेस की विचारधारा को सोशल मीडिया के माध्यम से खराब करने की कोशिश की है। उन्होंने युवा कांग्रेस के युवाओं पर विश्वास जताते हुए कहा, अब युवा सोशल मीडिया के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जुड़ेंगे और सदस्यता करवाएंगे।
युवा कांग्रेस से उम्मीदें अधिक
युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पूर्णचंद्र कोको पाढ़ी ने कहा, राहुल गांधी को युवा कांग्रेस से बहुत उम्मीदें हैं, पर युवा कांग्रेस उन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा है। अब प्रदेश प्रभारी संतोष कोलकुंडा और सहप्रभारी एकता ठाकुर के निर्देशानुसार काम न करने वाले पदाधिकारियों में बदलाव किया जाएगा। साथ ही बूथ लेवल पर सदस्यता की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने कहा। उन्होंने दो टूक लहजे में कहा कि युवा कांग्रेस में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए पीसीसी के रास्ते आसान होंगे। जबकि लापरवाही बरतने वाले अपने वर्तमान पद भी खो बैठेंगे।