लखनऊ: उ.प्र विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान शुरू हो गया है।
सुल्तानपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, बाराबंकी,
अयोध्या, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अमेठी और रायबरेली जिले में मतदान हो रहा है।
12 जिलों के 61 विधानसभा क्षेत्रों में 692 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा।
वोटिंग के लिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चौक चौबंद की गई है।
पांचवें चरण के चुनाव में कुल 61 विधानसभा क्षेत्रों में 693 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 90 महिला प्रत्याशी हैं।
2.25 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनमें 1.20 करोड़ पुरुष, 1.05 करोड़
महिला और 1727 तृतीय लिंग (ट्रांसजेंडर) के मतदाता हैं।
चौथे चरण का मतदान पूरा होने के बाद राज्य की 403 विधानसभा सीटों
में से अब तक 231 सीटों पर मतदान हो चुका है।
रविवार को 61 सीटों पर मतदान होने के बाद 292 सीटों का मतदान पूरा हो जाएगा।
यूपी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी की सिराथू सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
मंत्री मोती सिंह पट्टी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
कांग्रेस की अराधना मिश्रा मोना प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से प्रत्याशी हैं।
जनसत्ता दल के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया कुंडा विधानसभा सीट से प्रत्याशी हैं।
मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह प्रयागराज पश्चिम से प्रत्याशी हैं, मंत्री नंद गोपाल नंदी प्रयागराज दक्षिण से प्रत्याशी हैं।
इसके बाद अंतिम दो चरणों में तीन मार्च और सात मार्च को 111 सीटों पर मतदान होगा।