राज्यपाल ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय शिक्षकों को लगाई फटकार,अधिकारी कर्मचारियों ने मांगी माफी

Uncategorized

रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके से शनिवार को राजभवन में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के महासचिव डॉ. पीके संगोड़े के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल को फटकार लगाते हुए कहा कि आपने राजभवन आकर मीडिया के समक्ष कुलपति चयन को लेकर जो बात कही, वह उचित नहीं था। कुलपति का चयन विश्वविद्यालय एक्ट के अनुसार बिना किसी भेदभाव तथा योग्यता के अनुसार होता है।
मुलाकात करने गए शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल से राज्यपाल ने कहा कि आप सभी विश्वविद्यालय के प्राध्यापक हैं। आपको मालूम होना चाहिए कि कुलपति चयन प्रक्रिया विश्वविद्यालय के एक्ट के अनुसार बिना किसी भेदभाव तथा योग्यता अनुसार होती है। इस संदर्भ में आप सभी को अनुशासन के साथ अपनी बात रखने का अधिकार है। किसी भी विषय पर गतिरोध से नहीं बल्कि समन्वय से पहल की जानी चाहिए। जिस प्रकार आप लोगों के द्वारा राजभवन में आकर मीडिया के समक्ष बात कही गई, वह उचित नहीं था। सभी अधिकारी कर्मचारियों द्वारा उक्त कृत्य के लिए माफी मांगी गई। भविष्य में ऐसी भूल की पुनरावृत्ति न होने की बात कही। इस दौरान डॉ. गजेन्द्र चंद्राकर, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. जीपी बंजारा और डॉ. हेमंत देवांगन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *