किसान गंगाराम इस बार धान बेचकर मिले पैसों से खरीदेंगे अपना वाहन

Uncategorized

रायपुर, 16 नवंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 नवंबर से धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जशपुर जिले में धान खरीदी का शुभारंभ गम्हरिया चौक स्थित उपार्जन केंद्र में सांसद राधेश्याम राठिया ने किया। शुभारंभ कार्यक्रम में ग्राम झीलिंग के किसान गंगाराम यादव ने सर्वप्रथम अपना धान विक्रय किया।

किसान गंगाराम यादव ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने लगभग 150 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा था। प्राप्त राशि से उन्होंने एक दुकान की शुरुआत की, जिससे उनके आर्थिक हालात बेहतर हुए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान बिक्री से मिली आय से वे अपना वाहन क्रय करने की योजना बना रहे हैं।

केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए यादव ने कहा कि खरीदी केंद्रों में शासन द्वारा की गई व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित और किसान हितैषी हैं। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो-एटीएम सुविधा, ‘तुंहर द्वार’ टोकन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, जिससे किसानों को धान विक्रय प्रक्रिया में पारदर्शिता और सरलता मिल रही है।

प्रदेश सरकार द्वारा की गई इन व्यवस्थाओं से किसानों को खरीदी केंद्रों में सुगमता और समय की बचत हो रही है, जिससे वे खरीफ सीजन में लाभकारी मूल्य प्राप्त कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *