कांग्रेस नेताओं के अमर्यादित आचरण के खिलाफ भाजपा ने की शिकायत

Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ : रायपुर भारतीय जनता पार्टी अपने प्रेरणापुरुष पं. दीनदयाल उपाध्याय को लेकर सोशल मीडिया (फेसबुक) पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने में शिकायत कर इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। आरोपी कांग्रेस आईटी सेल का नेता है।
भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने आरोप लगाया कि आरोपी कांग्रेस नेता अजित राज सिंह ने महेन्द्र कर्मा को बस्तर टाइगर बताया है और पं. दीनदयाल उपाध्याय के लिए आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग किया है। इससे पहले भी एक अन्य कांग्रेस नेता ने जांबाज विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई के लिए भद्दे और चरित्रहनन के स्तर तक जाकर टिप्पणी की थी, जिसकी तीखी आलोचना के बाद उन्होंने वह पोस्ट डिलीट कर दी।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस के लोग मानसिक रूप से दीवालिया हो चुके हैं और शब्दों पर, भाषा पर अपना संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के अमर्यादित आचरण पर कानूनन कार्रवाई करने की जरूरत बताई और कहा कि अब यह हद हो गई है। यदि इसके बाद भी कांग्रेस के नेताओं और सरकार की ओर से अपने-अपने स्तर पर उक्त आरोपी की इस नीचतापूर्ण हरकत के लिए कोई कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा आक्रामक आंदोलन चलाकर कांग्रेस के असंसदीय आचरण के खिलाफ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेसी नेताओं के द्वारा किये जा रहे अमर्यादित आचरण पर कड़ा रूख अख्तयार करते हुए प्रदेश के सभी 27 जिलों में एफआईआर दर्ज कराकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करेगी।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री संजू नारायण सिंह ठाकुर, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जयप्रकाश चंद्रवंशी, सुनील चौधरी, उमेश घोरमोड़े, देवदत आर्य, नितेश दुबे, गोलू भारती, रूपेश शर्मा ने सिविल लाइन थाना जाकर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *